कैसे ‘मीडिया के डार्लिंग’ बन गए 28 गंभीर आपराधिक मामलों के आरोपी अनंत सिंह?

2

मीडिया ने जिस दूसरे अनंत सिंह को गढ़ा है, वह छोटे सरकार है. वह मजेदार जवाब देने वाला नेता है. वह घोड़ों का शौकीन है. वह अपनी बात बेबाकी से कहता है. उसके घर में होने वाली शादी भी एक बड़ा सार्वजनिक आयोजन बन जाती है. उसके बयान पर लोग हंसते हैं और उसकी नकल करने वाले कलाकार लोकप्रिय होते हैं.
इससे व्यूज बढ़ते हैं, मगर इस प्रक्रिया में उन आपराधिक घटनाओं की गंभीरता पीछे छूट जाती है, जिनमें अनंत सिंह आरोपी हैं.

33

अनंत मीडिया के छोटे सरकार हैं और मीडिया उनके बाइट की दीवानी

मोकामा विधायक अनंत सिंह एक बार फिर स्क्रीन पर हंसते-बोलते नजर आ रहे हैं. उनकी बेढ़ब अदाओं पर सवाल पूछने वाले पत्रकार लहालोट हो रहे हैं. ऐसा लगता ही नहीं कि स्क्रीन पर हम जिस अनंत सिंह को देख रहे हैं, वह 28 गंभीर आपराधिक मामलों का आरोपी है. इनमें हत्या के चार मामले हैं. इसके अलावा अपहरण, दंगा-फसाद और डकैती तक के गंभीर आरोप हैं. इन्हीं में से एक मामले में सुप्रीम कोर्ट ने अनंत सिंह को चार दिसंबर तक जेल में रहने का निर्देश दिया है. मगर स्क्रीन पर वे बहुत ही भोले और बेढ़ब अंदाज में यह बताते नजर आ रहे हैं कि जेल में कैसे रहते हैं. वे कम से कम चार बार पहले भी जेल जा चुके हैं और लगभग सात साल जेल में गुजार चुके हैं. इसके बावजूद जब हम उन्हें टीवी न्यूज या यूट्यूब के पर्दे पर देखते हैं तो ऐसा लगता है, मानो मिस्टर बीन जैसा कोई भोला और मिसफिट किरदार सामने हो. यह कौन सा जादू है, जो 28 आपराधिक मामलों के आरोपी अनंत सिंह को मीडिया के सामने एक कॉमिक कैरेक्टर में बदल देता है?

इन दिनों बिहार का मीडिया 25 नवंबर को होने वाली उनकी बेटी की शादी की तैयारियों को जोर-शोर और उत्साह के साथ कवर कर रहा है. खबरों में चार लाख लोगों के भोज और उसमें 150 तरह के व्यंजनों की सूचना है. साथ ही तीन करोड़ रुपये की लैंड रोवर डिफेंडर की चर्चा है, जो होने वाले दामाद को उपहार में दी जाएगी. शादी में घुड़दौड़ और विजेता को महिंद्रा थार देने की खबरें भी ब्रेकिंग न्यूज के तौर पर दिखाई जा रही हैं. सोशल मीडिया पर उनके घर से आए शादी के कार्ड को दिखाकर पत्रकार और दूसरे लोग उसे फ्लॉन्ट कर रहे हैं. दुनिया को बता रहे हैं कि वे कितने महत्वपूर्ण हैं कि अनंत सिंह ने उन्हें भी नोटिस किया है.

इस शादी की खबरों के बीच अनंत सिंह के इर्द-गिर्द पत्रकारों और यूट्यूबरों की भीड़ है. उनकी बेबाक और मजेदार टिप्पणियों को हासिल करने की होड़ मची है. मगर इस बीच इस बात की चर्चा कहीं नहीं है कि वह दुलारचंद यादव हत्याकांड क्या था, जिसकी वजह से सुप्रीम कोर्ट ने उनकी जमानत रद्द कर दी और आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया. न पटना में और न ही दिल्ली में. संयोग से उन दिनों मैं चुनाव कवरेज के सिलसिले में मोकामा में था और वहां का दहशत भरा माहौल देखा था. उसके बाद ललन सिंह का वह बयान भी सुना था कि हममें से हर कोई अनंत सिंह है. हत्या के आरोप में जेल में बंद अनंत सिंह को एनडीए ने मिल-जुलकर चुनाव जिताया था. उस वक्त भी जेल जाते ही वे मीडिया के डार्लिंग हो गए थे.

जेल से अदालत में पेशी के लिये जाते अनंत सिंह की पिछले साल की तसवीर

यह कोई पहली बार नहीं है. पिछले कुछ वर्षों में अनंत सिंह की मीडिया छवि में एक दिलचस्प बदलाव आया है. कभी बिहार के बाहुबली नेताओं की सूची में शामिल किए जाने वाले अनंत सिंह अब सोशल मीडिया के एक लोकप्रिय कॉमिक कैरेक्टर हैं. उनके बयान मीम बनते हैं, उनकी नकल की जाती है और उनके इंटरव्यू मनोरंजन की सामग्री बन जाते हैं. हर मीडिया संस्थान उनका एक एक्सक्लूसिव इंटरव्यू चाहता है. मुझसे भी कहा गया था, मगर मैंने साफ मना कर दिया था. मैंने कहा था कि मैं दो लोगों का इंटरव्यू नहीं ले सकता, एक अनंत सिंह और दूसरे तेजप्रताप यादव. मुझे लगता है कि ये गैर-गंभीर सार्वजनिक व्यक्तित्व हैं और इनसे इस तरह बात करने का मतलब इनकी छवि को सर्वग्राह्य बनाने में मदद करना है.

मगर सवाल यह है कि यह बदलाव कैसे आया? और क्या इस प्रक्रिया में उनके साथ जुड़ी आपराधिक पृष्ठभूमि हमारी सार्वजनिक स्मृति से पीछे चली गई है?

2019-20: जब बाइट से मीम बनने लगे

अनंत सिंह का मीडिया के साथ यह डार्लिंग वाला रिश्ता पुराना है. लेकिन 2019 के लोकसभा चुनाव और उसके बाद उनके वीडियो बाइट्स की सोशल मीडिया पर लोकप्रियता तेजी से बढ़ी. जनवरी 2020 तक उनके नाम से बाकायदा मीम बनने लगे थे. ‘बिहार राज्य मेमे प्राधिकरण’ नाम के एक फेसबुक पेज ने 13 जनवरी 2020 को ‘Facts by Anant Singh’ शीर्षक से एक वीडियो पोस्ट किया था.

नवंबर 2020 में ThePrint ने इस बदलाव पर बाकायदा एक लेख प्रकाशित किया. उसका शीर्षक था—’Chhote Sarkar Anant Singh became a social media star without being on Twitter or Facebook’. लेख में बताया गया कि अनंत सिंह के मीडिया बाइट्स से मीम और कॉमेडी क्लिप बनाए जा रहे थे. दिलचस्प बात यह थी कि अनंत सिंह खुद ट्विटर या फेसबुक पर सक्रिय नहीं थे, फिर भी सोशल मीडिया पर उनकी एक अलग पहचान बन चुकी थी.

उनकी भाषा, संवादों का अंदाज और पत्रकारों के सवालों पर तत्काल प्रतिक्रिया देने की शैली इस लोकप्रियता का आधार बनी. धीरे-धीरे उनके बयानों को राजनीतिक संदर्भ से काटकर मनोरंजन के लिए इस्तेमाल किया जाने लगा.

नेशनल मीडिया के चहेते

2024: पॉडकास्ट के मनोरंजन का विषय बने अनंत सिंह

11 मई 2024 को आजतक रेडियो के लोकप्रिय पॉडकास्ट ‘तीन ताल’ में अनंत सिंह पर चर्चा हुई. एपिसोड में उनके जवाब देने के अंदाज, उनकी मुंहफट शैली और उनकी लोकप्रियता पर बात की गई. कार्यक्रम की प्रस्तुति में भी यह रेखांकित किया गया कि उनके जवाबों पर हंसी रोकना मुश्किल होता है. 13 जुलाई 2024 के एक अन्य एपिसोड में उनके दिनकर को ‘रामधारी सिंह बिल्डर’ कहने वाले चर्चित बयान का जिक्र हुआ. इस तरह अनंत सिंह के बयान मनोरंजन के एक स्थापित फॉर्मेट का हिस्सा बनने लगे.

मई 2024 में पैरोल पर जेल से बाहर आने के बाद कई मीडिया संस्थानों ने उनके इंटरव्यू किए. ABP न्यूज ने उनकी सोशल मीडिया लोकप्रियता और मीम कल्चर पर अलग रिपोर्ट प्रकाशित की.

2025 में भी यह सिलसिला जारी रहा. चुनावी कवरेज में उनके इंटरव्यू, वायरल वीडियो और रील्स की चर्चा होने लगी. कुछ मीडिया रिपोर्टों ने उन्हें ‘King of Reels’ और ‘National Meme Material’ जैसे संबोधनों से भी पेश किया.

2026 में उनकी मिमिक्री करने वाले कलाकार का वीडियो भी खबर बना. यानी अब अनंत सिंह का बोलने का अंदाज खुद एक मनोरंजन उत्पाद बन चुका है.

इस बदलाव में सोशल मीडिया की भूमिका तो है ही, लेकिन मीडिया संस्थानों की भी कम भूमिका नहीं है. किसी व्यक्ति के बयानों को लगातार मनोरंजन की सामग्री के रूप में पेश करने से उसकी एक ऐसी सार्वजनिक छवि बनती है, जिसमें उसके राजनीतिक जीवन और उससे जुड़े गंभीर सवाल पीछे छूटने लगते हैं.

इस बीच लोग उनके अपराधों की फेहरिस्त को भूलने लगे

यह वही अनंत सिंह हैं, जिन्होंने 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में मोकामा से चुनाव लड़ते हुए अपने हलफनामे में 28 आपराधिक मामले घोषित किए थे. उनके चुनावी हलफनामे के विश्लेषण के मुताबिक 2020 में उनके खिलाफ घोषित मामलों की संख्या 38 और 2015 में 16 थी.

ऐसे इंटरव्यू देते हैं अपने गांव में अनंत

इन 28 मामलों में अलग-अलग गंभीर और सामान्य आपराधिक धाराओं के आरोप शामिल हैं.

  • हत्या के चार आरोप.
  • हत्या के प्रयास के तहत छह आरोप.
  • डकैती की तैयारी और गैरकानूनी जमावड़े के तहत पांच-पांच आरोप.
  • आपराधिक धमकी के पांच आरोप.
  • अपहरण का एक और हत्या के लिए अपहरण के दो आरोप.
  • फिरौती और रंगदारी के आरोप.
  • घर में घुसकर हमला करने के तीन आरोप.
  • चोरी के तीन आरोप.
  • अपराधियों को शरण देने के आरोप.
  • आपराधिक साजिश के तीन आरोप.
  • दंगा, मारपीट और गैरकानूनी जमावड़ा सहित अन्य धाराओं के तहत कई आरोप.
  • इनके अलावा लोकसेवक पर हमला और मृत व्यक्ति की संपत्ति के बेईमानी से दुरुपयोग जैसे आरोप भी हैं.

अनंत सिंह के आपराधिक इतिहास में आर्म्स एक्ट के दो मामले काफी चर्चित रहे हैं. 2015 में पटना स्थित उनके सरकारी आवास से इनसास राइफल की मैगजीन और बुलेटप्रूफ जैकेट मिलने का मामला दर्ज हुआ था. 2019 में उनके पैतृक आवास से AK-47 और ग्रेनेड बरामद होने का मामला सामने आया था.

इन दोनों मामलों में निचली अदालत ने उन्हें दस-दस साल की सजा सुनाई थी. हालांकि अगस्त 2024 में पटना हाईकोर्ट ने दोनों मामलों में उन्हें बरी कर दिया.

दुलारचंद यादव हत्याकांड

30 अक्टूबर 2025 को मोकामा में चुनाव प्रचार के दौरान जनसुराज समर्थक दुलारचंद यादव की हत्या हो गई थी. इस मामले में अनंत सिंह को आरोपी बनाया गया और पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया. पटना हाईकोर्ट ने मार्च 2026 में उन्हें जमानत दे दी थी. लेकिन 30 अक्टूबर 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने उनकी जमानत रद्द कर दी. अदालत ने मामले की गंभीरता और उनके आपराधिक पूर्ववृत्त पर विचार करते हुए हाईकोर्ट के आदेश को निरस्त किया तथा पुलिस को जांच पूरी करने के लिए चार महीने का समय दिया.

अनंत सिंह ने कहा है कि वे बेटी की शादी के बाद अदालत के आदेश का पालन करते हुए आत्मसमर्पण करेंगे. लेकिन खबरों में आप देखेंगे कि इन मामलों की चर्चा बहुत कम होती है. क्या पत्रकार सोचते हैं कि जब वे अपने तरीके से अनंत सिंह का महिमामंडन करते हैं, तो इन आपराधिक मामलों के पीड़ितों और उनके परिवारों पर इसका क्या असर पड़ता होगा?

इसके समानांतर मीडिया ने जिस दूसरे अनंत सिंह को गढ़ा है, वह छोटे सरकार है. वह मजेदार जवाब देने वाला नेता है. वह घोड़ों का शौकीन है. वह अपनी बात बेबाकी से कहता है. उसके घर में होने वाली शादी भी एक बड़ा सार्वजनिक आयोजन बन जाती है. उसके बयान पर लोग हंसते हैं और उसकी नकल करने वाले कलाकार लोकप्रिय होते हैं.

इससे व्यूज बढ़ते हैं, मगर इस प्रक्रिया में उन आपराधिक घटनाओं की गंभीरता पीछे छूट जाती है, जिनमें अनंत सिंह आरोपी हैं. उनके खिलाफ दर्ज मामलों से जुड़े पीड़ित और उनके परिवार भी इस मनोरंजनपरक छवि में कहीं नजर नहीं आते. पत्रकारिता का काम किसी को मनोरंजन का पात्र बनने से रोकना नहीं है, लेकिन मनोरंजन के लिए उसके सार्वजनिक रिकॉर्ड और उससे जुड़े गंभीर सवालों को भुला देना भी पत्रकारिता नहीं है.

क्या मीडिया इस बात की जिम्मेदारी समझता है?

“2” पर कैसे ‘मीडिया के डार्लिंग’ बन गए 28 गंभीर आपराधिक मामलों के आरोपी अनंत सिंह? के विचार

  1. Ek title hai mere paas: TAAL, MOKAMAH, JILA: PATNA. Theme od the story of Rise of Annant Singh in Bihar Political stage and give a chronological order of Bhumihar infightings only as Bihar politics peaked from 1990 – 2025.. Core characters: Lallan Singh – Annant Singh – Surajbhan – Neeraj Kumar.. How the ruling parties on Patna throne used this Bhumihar Nexus for their rulling consolidation on the throne of Bihar’s capital.. ???.

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

हो सकता है आप चूक गए हों